क्षेत्र के गांव ख्यालीपुर ढाल निवासी विनोद की पत्नी वीरवती (45), अजब सिंह की बेटी प्राची (12) और लखपत की बेटी आरती (16) को हाईवे पार करते समय कार ने टक्कर मार दी थी। वह शुक्रवार दोपहर खेत से चारा लेकर लौट रही थीं। वीरवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, रिश्ते में उनकी पोती प्राची और 11वीं में पढ़ने वाली आरती की सांस जिला अस्पताल में थमीं।
हादसे में प्राची की मां नीतू, मुकेश की 10 वर्षीय बेटी अंशु और वीरवती की 20 वर्षीय बेटी आशा घायल हो गई थीं। आशा व अंशु को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वीरवती, प्राची व आरती के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए थे। लखपत की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर शव गांव में गए। तीनों की अर्थी एक बनाकर अंतिम संस्कार के लिए उठाईं तो हर किसी की आंख नम हो गई। उनके अंतिम संस्कार के लिए हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी सहित हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा। ब्रजघाट गंगा किनारे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।