क्षेत्र निवासी एक युवती ने अपने प्रेमी से निकाह कर लिया तो पिता ने उसे घर में कैद कर लिया। उस पर अपने संप्रदाय के युवक से शादी करने का दबाव बनाने लगे। युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर खुद को बंधक बनाने की बात कही। साथ ही परिजनों पर परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवती के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। मोहल्ला निवासी एक युवती का मोहल्ले के ही दूसरे संप्रदाय के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार महीने पहले युवती ने प्रेमी से निकाह कर लिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। युवती का आरोप है कि पिता ने उसे घर में कैद कर लिया। उसके बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई। बुधवार को युवती ने मौका पाकर सोशल मीडिया पर एक वीडिया प्रसारित कर दी।
जिसमें उसने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से गैर संप्रदाय के युवक से शादी की है। जबकि, उसका पिता अपने संप्रदाय के युवक से उसकी शादी कराना चाहता है। इसी को लेकर उसे परेशान किया जा रहा है। वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इसकी जांच की। साथ ही मामले में पुलिस ने युवती के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।