अमरोहा। गृह क्लेश में नशे की हालत में युवक ने खुद को आग लगा ली। आग की लपटें उठने पर युवक शोर मचाता हुए सड़क पर भागने लगा। परिजनों ने बामुश्किल आग बुझाने के बाद उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया।
कोतवाली के एक मोहल्ले में निवासी युवक शराब का आदी है। शनिवार रात करीब 12 बजे युवक शराब के नशे में घर पहुंचा तो परिजनों ने विरोध जताया। इससे गुस्साए युवक ने घर में रखा तेल खुद पर उड़ेलकर खुद को आग लगा ली। लपटों में घिरा युवक चीखते हुए घर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गया। राहगीरों में भगदड़ मच गई। बामुश्किल परिजनों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक 50 फीसदी झुलस चुका था। आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरगंज स्थित बर्न सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। कहा कि तहरीर मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।