अमरोहा। वेब शुगर को सोमवार तक 10-10 हजार क्विंटल चीनी निकालने की अनुमति दी गई है। चीनी बिक्री की राशि को सरकारी कोष में जमा कराया जाएगा और किसानों का भुगतान कराया जाएगा। नोटिस का जवाब मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धनौरा वेब शुगर मिल पर गन्ने का भुगतान 27.61 करोड़ बकाया है। जिसके भुगतान के लिए चीनी मिल को नोटिस दिया गया। अब जवाब मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नया सत्र शुरू होने वाला है और किसानों को अभी तक गन्ने का बकाया भी नहीं मिला है। इससे किसान परेशान है। कई बार किसान दिवस में भी इस मुद्दे को उठाया गया है।
डीएम ने इसमें सख्त रुख अपनाया है। जिला गन्ना अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि गन्ना विकास समिति के कर्मचारियों को मिल के गोदाम पर तैनात किया गया है। बताया कि चीनी मिल प्रबंधन को रविवार और सोमवार को 10-10 हजार क्विंटल चीनी निकालने की अनुमति दी है। सोमवार को इसकी समीक्षा की जाएगी। जनपद के किसान जिले के अलावा दूसरे जनपदों की चीनी मिलों को भी गन्ना आपूर्ति करते हैं। किसानों का सभी भुगतान समय से कराया जाएगा।