पिछले कुछ दिनों से तेज धूप निकलने से दिन के पारे में उछाल आ गया था। धूप के बीच सर्दी का असर काफी कम हो गया। वहीं, मौसम साफ रहने से कोहरा भी नहीं आ रहा था। लेकिन, मौसम ने फिर से अचानक यू-टर्न ले लिय। सोमवार को घने कोहरे के साथ ठिठुरन और गलन बढ़ गई। सुबह जब लोग घरों से बाहर आए तो हर ओर कोहरा छाया हुआ था। पास का भी साफ नजर नहीं आ रहा था और ओस की बूंदें भी गिर रही थीं। जिससे सुबह का तापमान 10 तक पहुंच गया। जिससे ठिठुरन भी महसूस हुई।
स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। लोगों का कहना था कि फिर से शायद सर्दी रफ्तार पकड़ेगी। दोपहर में हालांकि, धूप निकली, लेकिन शाम को पांच बजने के बाद ठिठुरन महसूस हुई। उधर, जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार का कहना है कि एक दो दिन कोहरे का प्रकोप रहेगा, साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, फिर मौसम साफ हो जाएगा।
मौसम में बदलाव से बिगड़ रही लोगों की सेहत
अमरोहा। मौसम में उतार-चढ़ाव से लोग बीमार पड़ रहे हैं। कभी धूप तो कभी कोहरा छा रहा है। तापमान भी कम व ज्यादा हो रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या भी प्रभाव पड़ रहा है। कभी गर्म पानी पीते है तो कभी ठंडा, ठंड लगने पर सर्दियों के कपड़े पहनते तो गर्मी लगते ही एकदम से उतार देते है। इन सब कारणों से खांसी-खराश, गले में सूजन और दर्द की परेशानी बढ़ रही है। सर्दी लगने से बच्चों के टॉन्सिल फूलने से दर्द कर रहे हैं। सोमवार को इसका असर जिला अस्पताल में भी देखने को मिला। ओपीडी में भीड़ लगी रही। सोमवार को 1234 की ओपीडी हुई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि बुखार, सिर में दर्द, जुकाम-खांसी और गले में खराश के अधिक मरीज हैं। बच्चों पर भी मौसम की मार पड़ रही है। 100 से अधिक बच्चे रोजाना पहुंच रहे हैं। जबकि, 200 से अधिक मरीज खांसी, जुकाम व बुखार के पहुंच रहे हैं। ऐसे में सेहत को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।