अमरोहा। बेखौफ चोरों ने नौगांवा सादात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पानी की दो टंकी की चोरी कर ली। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मेडिकल ऑफिसर की तहरीर पर पुलिस ने दो चोरों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
चोरी की यह घटना नौगांवा सादात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है। यहां तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ.दीपक वर्मा ने तहरीर देकर बताया कि नौ मई की सुबह करीब 11 बजे चोरों ने अस्पताल का सामान चोरी कर कबाड़ी को बेच दिया था। उनकी चोरी रंगे हाथ पकड़ी गई। चोरी की वारदात सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। डॉक्टर ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को सौंपी हैं। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आलोक दिवाकर और कुशल के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।