रहरा। क्षेत्र में पिछले दिनों से जारी बारिश बुधवार को भी हुई। बारिश से दोपहर करीब 12 बजे गांव पौरारा में बंद पड़े सेलर की एक दीवार गिर गई। इसके मलबे में दबकर किसान मुरसलीम (40) की मौत हो गई। मुरसलीम घर के पास स्थित सेलर की दीवार के पास बैठे थे। बिना कार्रवाई के ही शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी की जा रही है।
गांव पौरारा में किसान मुरसलीम का परिवार रहता है। उनके घर के पास ही, उनके भाई का सेलर है जो अब बंद पड़ा है। इसकी दीवार के पास मुरसलीम बुधवार दोपहर बैठकर आराम कर रहे थे। अचानक बारिश के चलते दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इसके मलबे में मुरसलीम दब गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें मलबे से बाहर निकाला। घायल हालत में लेकर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुरसलीम खेती करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा है। परिवार ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है बिना किसी पुलिस जांच के शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी कर रहे हैं।