सैदनगली। नगर के इफको केंद्र पर बुधवार को यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। सुबह से ही किसान केंद्र पर पहुंचने लगे थे लेकिन दोपहर तक भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई। अव्यवस्था के कारण किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इफको केंद्र पर सात दिन बाद यूरिया का स्टॉक आने से भीड़ लगी थी।
किसानों ने बताया कि उन्हें अपनी फसलों के लिए यूरिया की तत्काल आवश्यकता है, लेकिन केंद्र पर पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान तो सुबह से ही लाइन में लगे थे, इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं लेकिन उन्हें खाद मिलने की कोई गारंटी नहीं थी। किसानों ने बताया कि खेती के काम छोड़कर यहा लाइन में लगना पड़ता है। फिर भी यह निश्चित नहीं है कि खाद मिल पाएगी या नहीं। सरकार को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए और उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।