अमरोहा। तीन दिन से विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने ढबारसी बिजली घर पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ।
ढबारसी बिजलीघर से जुड़े रूपानांगल गांव के ग्रामीण एकत्रित होकर शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रालियों से बिजलीघर पहुंच गए। विद्युत आपूर्ति न मिलने का कारण पूछते हुए कर्मचारियों से नोकझोंक करने लगे। आरोप है कि बिजलीघर से जुड़े अन्य गांवों को आपूर्ति सही दी जा रही है जबकि उनके गांव को बिजली नहीं मिल रही है। तीन दिन में मात्र तीन घंटे ही आपूर्ति मिली है, जिससे किसानों की फसल सूख रही है।
बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों ने इसको लेकर कोई ठोस जवाब नहीं दिया तो ग्रामीण अवर अभियंता के बिजलीघर पर बुलाने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। अवर अभियंता ने गुस्साए लोगों को शांत करते हुए आश्वासन दिया कि रविवार से आपूर्ति सही मिलेगी। यहां कुंवरपाल सिंह, पूर्व प्रधान मास्टर विपिन कुमार, डॉ विजय कुमार, पप्पू राणा, राजेश राणा, देवराज सिंह, सुनील एडवोकेट, महेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, टेकचंद, गुड्डू राणा, सतपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।