गजरौला। गांव भानपुर खालसा में ग्रामीणों के बिटोरों में अचानक से लगी आग को देख वहां खलबली मच गई। दमकल का पानी खत्म होने के कारण वहीं दीवार का निर्माण करा रहे ग्रामीण ने सबमर्सिबल के पाइप से पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाना चाहा। इस दौरान वह धुएं के गुबार से बेहोश होकर गिर गया। उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले जाया वहां। वहां मृत घोषित कर दिया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह बिटोरों में आग लगने की यह घटना नगर की सीमा से सटे गांव भानपुर में हुई। यहां अचानक से रूपचंद, रवि, भोजराज, प्रकाश, होशियार सिंह, रमेश, तुलाराम, होशियार सिंह आदि के बिटोरों में आग लग गई। लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आग बुझानी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर दमकल भी आ पहुंची। बताते हैं कि पानी खत्म होने पर चालक गाड़ी को लेकर फायर स्टेशन की ओर चला गया। इसी दौरान वहां पास में ही दीवार बनवा रहे सुरेंद्र सिंह (48) ने आग की लपटें ऊंची उठते देख अपने सबमर्सिबल के पाइप से आग बुझानी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धुआं उठने से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और वह वहीं गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताते हैं कि आग बुझाने के दौरान गांव निवासी विजय भी बेहोश हो गया था। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है।