हरिद्वार में कैश वैन से हुई आल्टो की टक्कर में शहर के दो युवकों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। साथ गए दो अन्य युवक घायल हैं। मृतकों में एक युवक मुरादाबाद का है, जो अमरोहा में बुआ के घर रहता था और दूसरा कांठ तहसील में कातिब मोहल्ला कुरैशी निवासी था। परिजन शव लेने के लिए गए।
मुरादाबाद के अताई निवासी रितेश टंडन उर्फ पिंचू की बड़ा बाजार मोहल्ले में बुआ सुषमा टंडन रहती हैं। पिंचू के फूफा विनोद टंडन की पूर्व मौत हो गई। वह अपनी बुआ के पास रहता था। आठ दिन पूर्व उसने ऑल्टो गाड़ी निकाली थी। वह कुरैशी मोहल्ला निवासी दोस्त महेंद्र यादव उर्फ भोलू तथा बड़ा बाजार मोहल्ला निवासी अभय रस्तोगी व प्रमोद कुमार को साथ लेकर गाड़ी से हरिद्वार गया था। सोमवार दोपहर 12 बजे हरिद्वार के चिड़ियापुर के पास ऑल्टो कार पुलिस की कैश वैन से आल्टो टकरा गई।
जिससे रितेश टंडन उर्फ पिंचू तथा कुरैशी मोहल्ला निवासी महेंद्र यादव पुत्र राजवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि अभय रस्तोगी व प्रमोद घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। हादसे में दो की मौत व दो घायल की सूचना परिजनों को दी। दुर्घटना में मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया तथा बदहवास हो गए। परिजन शव लेने के लिए हरिद्वार गए हैं।