बोर्ड में लगातार बढ़ रही है शिकायतें
गंगेश्वरी ब्लाक की ग्राम पंचायत तलावड़ा के सजायाफ्ता प्रधान की प्रधानी आखिरकार चली गई। डीएम ने उनको हटाकर प्रधान पद रिक्त कर दिया है। जानलेवा हमले में उसको सजा हुई थी। मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया था, जिसके बाद ही जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों से पक्ष जानने के बाद यह फैसला सुनाया है।
तलावड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान मलखान सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का एक मुकदमा अदालत में विचाराधीन था। सितंबर माह में उनको सजा सुनाई गई थी। इसके बाद भी वह पद पर बने हुए थे। इस पर गांव के ही सुरेश ने एतराज जताया और अफसरों से शिकायत की थी। कोई सुनवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट की शरण ली थी। जिस पर प्रधान भी अपनी सजा पर स्टे ले आया था।
हाईकोर्ट ने 5 नवंबर 2016 को जिलाधिकारी को आदेश दिए थे कि मामले को दो माह के अंदर निस्तारित कर अवगत कराएं। उधर उसके स्टे की समयावधि भी पूरी हो गई थी। मसले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने दोनों पक्ष के लोगों से बातचीत की और पक्ष जाना। सोमवार को उन्होंने प्रधान को हटाने और पद रिक्त करने के आदेश जारी कर दिए। इस संबंध में डीपीआरओ मो. जाहिद हुसैन ने बताया कि डीएम के आदेश पर पद रिक्त कर दिया गया है। प्रधान को सजा की वजह से हटा दिया गया है।