गजरौला के गांव तिगरी में अलीनगर निवासी गुड्डू का कंकालनुमा शव मिलने के बाद परिजनों से जानकारी कर?
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। दो सप्ताह पूर्व रामगंगा पोषक नहर में कार गिरने से डूबे युवक का क्षत विक्षत शव गांव सुनपुरा कलां के निकट से गुजर रही नहर के टापूनुमा स्थान पर मिला। उसे जंगली जानवर नोंच रहे थे। मौके पर आए परिजनों ने शिनाख्त कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पूर्व उसका डीएनए टेस्ट भी कराने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी रविंद्र पुत्र मोमराज अपने भाई नरेंद्र और चचेरे भाई गुड्डू के साथ 30 दिसंबर की रात को कार से गांव फीना जा रहे थे। मंडी धनौरा-फीना मार्ग पर गांव दिसौरा में रामगंगा पोषक नहर के पुल पर कार बेकाबू होकर नहर में जा गिरी थी। कार चला रहे रविंद्र ने कूदकर जान बचा ली थी जबकि नरेंद्र और गुड्डू नहर में डूब गए थे। बाद में नरेंद्र का शव नहर से बरामद हो गया था लेकिन गुड्डू की तलाश जारी थी। गुरुवार की शाम थाना क्षेत्र में खादर में स्थित गांव सुनपुराकलां के पास से गुजर रही रामगंगा पोषक नहर में टापू वाले स्थान पर एक शव मिला। उधर से गुजर रहे लोगों की निगाह पड़ी तो वे वहां जा पहुंचे। पास के ही गांव अलीनगर में रहने वाले गुड्डू के परिजन भी आ पहुंचे। उन्होंने कंकाल को देख उसकी शिनाख्त गुड्डू पुत्र मंगत सिंह के रूप में की और पुलिस बुलवा ली। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर पहुंचे एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक ने शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। इस कारण उसकी शिनाख्त काफी मुश्किल हो रही थी लेकिन परिजनों का कहना है कि कंकाल गुड्डू का ही है। फिर भी एहतियातन कंकाल का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।