गजरौला (अमरोहा)। फाइनेंस कंपनी के सिख समुदाय से जुड़े शख्स ने डीपी पर आई लव मोहम्मद लिखकर दो किरायेदार साथियों की प्रतिक्रिया की वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी। जानकारी होने पर मुस्लिम समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। पुलिस ने दो आरोपियों का चालान कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि मुरादाबाद निवासी अजय सिंह उर्फ दीप सिंह, बिजनौर का दीपक चौधरी व राकेश कुमार एक फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। तीनों ही जलाल नगर मोहल्ले में एक कमरे में किराये पर रहते हैं। अजय पर आरोप है कि उसने अपने मोबाइल की डीपी पर लिखा कि आई लव मोहम्मद। जिस पर दीपक चौधरी व राकेश ने मौखिक रूप से यह टिप्पणी कर दी कि क्या तू मुस्लिम है। उस पर आरोप है कि उसने चुपचाप से उनकी मौखिक टिप्पणी की वीडियो बना ली। जिसे उसने इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। मुस्लिम समाज के लोगों ने भावनाओं को आहत होने का आरोप लगाया। शिकायत पर पुलिस दोनों को थाने ले आई। उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी। इसके बाद भी वह चुपचाप नहीं बैठा। उसने वीडियो मुस्लिम समाज के लोगों को भेज दी। जिस पर कुछ मुस्लिम युवक शाम को थाने के सामने पहुंचे। यहां पर उन्होंने अल्लाहु अकबर का नारा लगाया। जिस पर पुलिस ने उनको खदेड़ दिया। अजय उर्फ दीप सिंह पर लोगों की भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने बैठा लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।