नौगांवा सादात। चार दिन लगातार बारिश के बाद पुराने मकानों की नींव कमजोर हो गई है। मंगलवार रात नौगांवा सादात क्षेत्र में दो और मकान धराशायी हो गए। पीड़ित मकान मालिकों ने तहसील प्रशासन को मकान गिरने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पहला हादसा क्षेत्र के गांव सिरसा जट में हुआ। गांव निवासी मजदूर हैदर मकान मंगलवार रात बारिश में भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत रही परिवार के सदस्यों को चोट नहीं आई जबकि मलबे में दबने से घरेलू सामान बर्बाद हो गया। दूसरी हादसा भी क्षेत्र के गांव रज्जाकपुर में हुआ। गांव में किसान गुड्डू का परिवार रहता है। मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश का पानी गुड्डू के कच्चे मकान की नींच तक पहुंच गया। दोपहर में बारिश कुछ देर के लिए रुकी तो जरूरी कामों से परिवार के लोग घर से बाहर निकल आए। तभी मकान भरभरा कर गिर पड़ा। मलबे में दबकर अनाज के अलावा घरेलू सामान तहस-नहस हो गया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बमुश्किल सामान को बाहर निकाला। पीड़ितों ने नौगांवा सादात तहसील में शिकायती पत्र देकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।