दोनों छात्रों ने जहर खुद खाया या किसी ने उन्हें जहर दिया है, यह बात साफ नहीं हो सकी है। परिजनों ने घर पर किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं होने की बात कही है। उधर, इंस्पेक्टर पीके चौहान ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
मॉर्निंग वॉक के लिए निकले दो दोस्तों की जहर खाने से हालत बिगड़ गई। आनन-फानन निजी चिकित्सक को दिखाया गया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे का उपचार कराया जा रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जानकारी से इनकार कर रही है।
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला झकड़ी अड्डा निवासी तेरह वर्षीय किशोर नगर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र है। जबकि मोहल्ले का रहने वाला उसका 16 वर्षीय दोस्त भी उसी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र है। दोनों के बीच गहरी दोस्ती है। बताते हैं कि दोनों दोस्त रोजाना मॉर्निंग वॉक के लिए जाते थे। मंगलवार सुबह भी दोनों चकौरी मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे।
इस दौरान एक छात्र ने अपने घर फोन करके बताया कि हमें बचा लीजिए। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए। मौके पर जहर की दो शीशियां पड़ी मिलीं। परिजनों ने आनन-फानन दोनों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में चिकित्सकों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।