डिडौली(अमरोहा)। पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गोकशी के मामले में वांछित ताहिर और फैजान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान दोनों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, पशु काटने के उपकरण और रस्सी बरामद की। दोनों को उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर डिडौली पुलिस चौबरिया-कमालपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोकशी के मामले में वांछित दोनों आरोपी बाइक से आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में ताहिर के बाएं और फैजान के दाहिने पैर में गोली लगी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने साथियों के साथ मिलकर एक अगस्त को जोया के मोहल्ला इकबाल नगर के पास जंगल में एक गोवंशीय पशु की हत्या की थी। शनिवार को उसी पशु के अवशेष बरामद हुए थे।
-
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि फैजान और ताहिर चौबरिया कमालपुर के जंगल में गोकशी करने की फिराक में निकले थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मुठभेड़ में दोनों को पकड़ लिया।
मांस की दुकानें बंद होने का उठाना चाहते थे फायदा
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि फैजान मुर्गे की दुकान चलाता है। कांवड़ यात्रा के दौरान मांस की दुकानें बंद होने से उसने ताहिर के साथ मिलकर गोकशी करने की योजना बनाई थी, ताकि प्रतिबंध के बीच मांस बेचकर अवैध लाभ कमाया जा सके। पुलिस ने समय रहते सूचना के आधार पर कार्रवाई कर दोनों की योजना को नाकाम कर दिया।