अमरोहा। प्रदेश सरकार द्वारा साल 2025-26 के लिए नई आबकारी नीति की घोषणा की है। जिसमें शराब दुकानों के आवंटन के लिए नए तरीके से आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए 14 फरवरी से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के लिए आज आखिरी मौका है। आवेदन ऑनलाइन रूप से किए जाएंगे।
पिछली कैबिनेट बैठक में प्रदेश सरकार ने अपनी आबकारी नीति में बदलाव की घोषणा की थी। जिसके लिए पुरानी दुकानों का नवीनीकरण करने के बजाय नए तरीके से दुकानों का आवंटन किए जाने का निर्णय लिया गया था। सरकार की इस घोषणा के बाद लाइसेंस धारकों में खलबली मच गई थी। पुराना स्टॉक खत्म के लिए 50 फीसदी तक की छूट भी दी गई। छूट का लाभ पाने को दुकान पर शराब प्रेमियों की भीड़ उमड़ गई थी। इस मौके पर ऐसे लोगों ने भी शराब का स्टॉक जमा कर लिया जो शराब का सेवन नहीं करते। नई प्रक्रिया के लिए 14 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू किए गए थे। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने जिले में दुकानों का आवंटन हासिल करने को आवेदन किए हैं। जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के अनुसार आज शाम पांच बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं।
ई-लॉटरी के जरिए होगा आवंटन
आबकारी विभाग के अनुसार दुकानों का आवंटन ऑनलाइन रूप से लॉटरी के जरिए किया जाएगा। जिसकी पूरी प्रक्रिया छह मार्च को सुबह 11 बजे से डीएम की मौजूदगी में संपन्न कराई जाएगी।
जिले में कम हो गई शराब की दुकानें
आबकारी विभाग के अनुसार अभी तक जिले ने शराब की 213 दुकानें थी, जिसमे देसी शराब की 123, विदेशी शराब की 46 व बीयर की 44 दुकानें शामिल थीं, लेकिन नई आबकारी नीति लागू होने के बाद दुकानों की संख्या कुल 193 रह जाएगी। जिसमें देसी शराब की 123 व 66 कंपोजिट दुकानें शामिल हैं। नई आबकारी नीति के अनुसार बीयर की अब अलग दुकान नहीं होगी। अंग्रेजी शराब की दुकानों पर ही अब बीयर भी मिल सकेगी। यह दुकानें कंपोजिट दुकानें कहलाएंगी।