मंडी धनौरा। विकासखंड की ग्राम पंचायत नबाबपुरा भूड़ में पानी की निकासी का कोई भी इंतजाम नहीं होने से मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भरा हुआ है। करीब दो दर्जन गांवों के लोग गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी के इंतजाम के लिए कई बार अधिकारियों को लिखा जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
धनौरा-शेरपुर मार्ग पर स्थित ग्राम नबाबपुरा भूड़ में पानी की निकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं होने के कारण गंदा पानी मुख्य मार्ग पर ही भरा रहता है। इस मार्ग से खाबड़ी, शेरपुर, जैथल, विशावली, सुलतानपुर, रमपुरा, चांदरा फार्म, आजमपुर, पथवारी, रज्जाकपुर, फतहउल्लापुर, शाहजहांपुर, पहाड़पुर, पपसरी खादर, मुकारमपुर, मोहसनपुर, दांडी आदि गांवों के लोगों का आवागमन रहता है। बीते छह माह से मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी की निकासी के लिए कोई भी तालाब आदि नहीं है। उनका कहना है कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने सड़क बनाते समय पानी का ढाल बाहर की ओर नहीं किया है। इस संबंध में एडीओ पंचायत रामचंद्र का कहना है कि सड़क का ढाल ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग से भी पत्राचार किया जा रहा है। जलभराव की स्थिति से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए ग्राम समाज की भूमि पर बड़ा गड्ढा कर पानी को वहां तक ले जाने की कवायद की जा रही है। वही ग्राम प्रधान कुुसुम देवी का कहना है कि ग्राम पंचायत के पास इतनी धनराशि नहीं है, जिससे पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराया जा सके।