तिगरी गंगा में डूबे युवक सुनील चौहान का फाइल फोटो।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। अपनी मां और भतीजे के साथ माघ पूर्णिमा पर तिगरी में गंगा स्नान के लिए आया युवक गहरे पानी में समा गया। काफी देर तक वापस न आने पर उसकी मां ने शोर मचा दिया। इसके बाद गोताखोर उसकी तलाश में गंगा में उतर पड़े। सीओ और तहसीलदार भी आ गए और स्टीमर में बैठकर उसकी तलाश कराई लेकिन देर शाम तक उसका सुराग नहीं लग सका। वहीं, बेटे के डूबने के बाद अनिष्ट की आशंका में मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।
रविवार को माघ पूर्णिमा पर सुनील चौहान (32) पुत्र फकीरचंद निवासी गांव झकड़ी तहसील हसनपुर अपनी मां शारदा देवी और पांच वर्षीय भतीजे निशांत के साथ गंगा में स्नान करने को तिगरी आया था। बताते हैं कि लगभग दस बजे वह गंगा में स्नान के लिए गया था लेकिन दो घंटे बाद भी वापस नहीं आया तो उसकी मां ने रोना-बिलखना शुरू कर दिया। बताया कि सुनील गहरे पानी में समा गया है। इसके बाद वहां मौजूद गोताखोरों और अन्य लोगों ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर सीओ मोनिका यादव और तहसीलदार सदानंद सरोज भी आ गए। उन्होंने हलका इंचार्ज एसआई राजेंद्र सिंह के साथ स्टीमर में बैठकर उसकी तलाश करवाई लेकिन देर शाम तक सुनील का सुराग नहीं लग सका। बताते हैं कि सुनील की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व सर्वेश देवी से हुई थी। इनकी कोई संतान नहीं है। हादसे की जानकारी होने पर ससुराल में मौजूद सर्वेश देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं अंधेरा होने तक परिजन तिगरी में ही मौजूद थे।