आदमपुर (अमरोहा)। पुलिस ने कबाड़ी बनकर चोरी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्य को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों एक बाइक पर सवार थे। वहीं, पुलिस ने छह जुलाई को भी गिरोह के तीन सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जिनसे चोरी का सामान भी बरामद हुआ था।
आदमपुर पुलिस ने रविवार को तीन कबाड़ी चोर गिरफ्तार किए थे। इनसे कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया था। इनके तीन साथी वांछित चल रहे थे। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मंगलवार को आदमपुर पुलिस ने रहरा-आदमपुर रोड पर ईंट भट्टे के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोगों को रोका। इनकी पहचान चोरी की घटनाओं में वांछित इंतजार निवासी लहरा लाडपुर, अरमान उर्फ छिद्दा निवासी खरपड़ी और तौहीद निवासी खरपड़ी के रूप में हुई।
इनके कब्जे से चोरी का सामान, जिसमें 4400 रुपये नकद, एक चेकबुक, एक आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सभी आरोपी वर्तमान में जनपद गौतमबुद्धनगर में रह रहे हैं और आपस में दोस्त हैं। वहीं इनके तीन साथी सैदनगली थानाक्षेत्र के हरियाणा निवासी मोहम्मद शाहरुख, संभल के हयातनगर थानाक्षेत्र के चंदायन निवासी अय्यूब और रजपुरा थानाक्षेत्र के करकौरा निवासी शाहरुख उर्फ शेरखान को पुलिस ने छह जुलाई को गिरफ्तार किया था। इनके पास से भी चोरी का माल और उपकरण बरामद हुआ था।