अमरोहा। जहरखुरानी कर ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को नौगांवा सादात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक ई-रिक्शा, पार्ट्स और उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए बताया कि बृहस्पतिवार रात नौगांवा पुलिस खेड़ी के मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। बीजरा गांव जाने वाले रास्ते पर आम के बाग में कुछ लोग ई-रिक्शा काट रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी करके तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना दिल्ली को ओखला विहार निवासी फिरोज और नौगांवा सादात के मोहल्ला हाता निवासी मोहम्मद तालिब व अजीम बताया। वहीं नौगांवा के मोहल्ला हाता निवासी फरमान उर्फ फल्लू और नसीम भाग निकले।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक ई-रिक्शा, चार बैटरी, एक कटी हुई ई-रिक्शा व अन्य उपकरण बरामद हुए है। एसपी के मुताबिक पकड़े गए सभी बदमाश शातिर किस्म के अपराधी है, जो कम पढ़े लिखे हैं। पैसा कमाने के लिए गिरोह बनाकर ई-रिक्शा लूटते हैं। खाली ई-रिक्शा को टारगेट करते हैं, इसके बाद ई-रिक्शा चालक को भरोसे में लेकर उस नशीला पदार्थ पिला देते हैं और बेहोश होने के बाद ई-रिक्शा लूटकर भाग जाते थे। चोरी किए हुए ई-रिक्शा को खोलकर उसके पोर्टस को बेचकर रुपये आपस में बराबर बांट लेते हैं। इन्हीं आरोपियों ने 22 जुलाई की रात गजरौला में एक ई-रिक्शा लूटा था जबकि दूसरी ई-रिक्शा कई दिन पहले अमरोहा-नौगांवा सादात रोड पर लूटा था। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 10,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया है।