अमरोहा। जिले में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) की परीक्षा 27 जुलाई यानी रविवार को होगी। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षा के चलते शहर में कार समेत भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। शहर की संकरी गलियों में जाम लग सकता है, इसलिए यातायात पुलिस ने यह कदम उठाया है।
केवल अभ्यर्थियों के वाहनों को परीक्षा केंद्र से 200 मीटर दूर तक आने दिया जाएगा। इसके अलावा बस और कार भी नहीं चल सकेंगी। सभी वाहनों को डायवर्ट कर शहर के चारों तरफ बाईपास होकर गुजारा जाएगा। जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। मनमानी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए जिलेभर में 24 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें मुख्यालय पर ही सात केंद्र हैं। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, हाईवे से ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा के संचालन पर कोई रोक नहीं होगी लेकिन यह वाहन परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दूर रोके जाएंगे। इसके अलावा शहर में आने वाली कार समेत सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सभी भारी वाहनों को शहर के बाहर बाईपास होकर निकाला जाएगा। वहीं, जोया रोड बंबूगढ़ चौराहे से बिजनौर रोड स्थिति रीगल 77 होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा व ऑटो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, जेएसएच इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, जेएसएच पीजी कॉलेज ब्लॉक ए व बी, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर, शिव इंटर कॉलेज गजरौला, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला, रमाबाई आंबेडकर डिग्री कॉलेज अमरोहा, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज धनौरा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज धनौरा, श्रीराम किसान इंटर कॉलेज बादशाहपुर, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज रजबपुर, तुर्की इंटर कॉलेज पलौला, किसान इंटर कॉलेज ताहरपुर, भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया, एएसएम मॉडर्न एकेडमी जोया, ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल धनौरा, देहली पब्लिक स्कूल अमरोहा, ग्लोबल पब्लिक स्कूल धनौरा व हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल अमरोहा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इन वैकल्पिक मार्गाें से गुजरेंगे वाहन
- अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास व पाकबड़ा होते हुए मुरादाबाद की ओर जाएंगे।
- नौगांवा सादात से अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले वाहन याहियापुर बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- नौगांवा सादात से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रज्जाकपुर बाईपास व धनौरा बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- अतरासी चौकी से अमरोहा की ओर जाने वाले वाहन एआरटीओ तिराहे से कल्याणपुरा रोड होते हुए बंबूगढ़ चौराहे से कांकर सराय होते हुए माया धर्मकाटा से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- शहर अमरोहा से जोया/दिल्ली (हाईवे) की ओर जाने वाला वाहन कांकरसराय से बंबूगढ़ से जोया की ओर जाएंगे।
- शहर अमरोहा से नौगांवा सादात की ओर जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकाटा से कांठ रोड से बाईपास होते हुए नौगांवा की ओर जाएंगे।
- जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ होते हुए कांकर सराय होते हुए माया धर्मकांटा कैलसा रोड होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- कोई भी ई-रिक्शा व ऑटो नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति की ओर नहीं आयेगा, सभी कैलसा बाईपास होते हुए काठ रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
नोट : बंबूगढ़ चौराहे से बिजनौर रोड स्थिति रीगल 77 होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा व ऑटो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
आरओ-एआरओ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। इसमें 24 केंद्राें पर कुल 10872 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। हर परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनात किए गए हैं।