गजरौला (अमरोहा)। दुकान का शटर तोड़कर स्टेशनरी और जनरल स्टोर के गोदाम में दाखिल हुए चोर नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी हुई। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
मोहल्ला कविनगर निवासी विमल गुप्ता की मोहल्ले में ही धनौरा मार्ग किनारे गुप्ता स्टेशनरी एवं जनरल स्टोर नाम से गोदाम है, जिसमें जाने के लिए एक दुकान से अंदर को रास्ता है। विमल गुप्ता ने बताया कि वह शुक्रवार रात गोदाम बंद कर घर चले गए। देर रात किसी समय चोरों ने सब्बल से दुकान का शटर तोड़ा और गोदाम में घुस गए। गोदाम से चोर नकदी और सामान समेत दो लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए।
शनिवार की सुबह गोदाम पर पहुंचे तो शटर टूटा देखकर चोरी की जानकारी हुई। आसपास के व्यापारी और अन्य लोग इकट्ठा हो गए। एक व्यापारी के प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे देखने पर पांच नकाबपोश चोरों की तस्वीर कैद हो गई। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने अन्य व्यापारियों के साथ थाने जाकर पुलिस काे तहरीर देकर चोरी के खुलासे की मांग की। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि दुकान में चोरी की जानकारी मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये चोराें का पता लगाया जा रहा है।