अमरोहा। साइबर ठग तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। अब किसान के व्हाट्सएप पर पीएम किसान योजना के नाम से एप्लीकेशन भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और खाते से 1.88 लाख रुपये उड़ा लिए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आफताब नाम के व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटीआई एक्ट तहत रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के माछरा भगवानपुर में राम प्रसाद सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे राजकुमार सिंह के व्हाट्सएप पर नौ जुलाई को एक एप्लीकेशन पीएम किसान योजना के नाम से मिली। यह एप्लीकेशन स्थानीय सीरीज के अन्जान नंबर से भेजी गई थी। राजकुमार ने जैसे ही एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के लिए क्लिक किया तो उनका मोबाइल हैक हो गया। राजकुमार सिंह का एयरटेल पेमेंट बैंक में खाता है, इस खाते से कुछ भी देर में 1.88 लाख रुपये कट गए। पीड़ित ने मोबाइल नंबर की छानबीन की तो यह मोबाइल नंबर हसनपुर तहसील क्षेत्र के टांडा गांव निवासी आफताब का निकला। पीड़ित राजकुमार सिंह ने उस मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वह फोन नहीं उठा रहा। खाते से भारी भरकम रकम काटने के बाद राजकुमार सिंह ने मामले की शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की। उनके निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच से शुरू कर दी है।