डिडौली। चोरी की दस घटनाओं के पर्दाफाश के कुछ घंटों बाद ही बेखौफ चोरों ने दो दुकानों से नकदी सहित हजारों का सामान चोरी कर लिया। घटनाओं की जानकारी रविवार सुबह हो सकी। पीड़ितों ने घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिडौली निवासी कल्लू अली नेशनल हाईवे किनारे सैलून चलाता है। आरोप है कि शुक्रवार की शाम को दुकान बंद कर वह घर चला गया था। साप्ताहिक बंदी के चलते उसने शनिवार दुकान नहीं खोली। लेकिन, शनिवार की रात किसी समय चोरों ने दुकान में नकब लगाकर एक हजार रुपये की नकदी, बैटरा, इंनवर्टर, स्टेब्लाइजर व अन्य सामान चोरी कर लिया।
इसके अलावा चोरों ने मूंढ़ा इम्मा निवासी रिजवान की सीमेंट की दुकान का शटर तोड़ कर स्टेब्लाइजर चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं की जानकारी रविवार सुबह की सुबह हो सकी। दुकान मालिकों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हैरत की बात यह है कि घटनाओं के कुछ घंटे पहले की डिडौली पुलिस और एसओजी ने चोर गिरोह का खुलासा किया था। इसमें तीन हिस्ट्रीशीटर सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।