रहरा (अमरोहा)। पुलिस ने तीन साल पुराने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह हत्या किसी रंजिश में नहीं, बल्कि 88 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी को हड़पने के लिए की गई थी। हत्या को सड़क हादसे का रूप दिया था, लेकिन दोबारा हुई विवेचना में पुलिस ने इस हत्या की साजिश को बेनकाब कर दिया।
एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर थाना रहरा पुलिस ने इस घटना की परतें खोलीं। रहरा थाना अध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान ने बताया कि संभल के धनारी थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर अजमतनगर निवासी बाबू रंगशाला का संचालक था। उसके रंगशाला में दिल्ली निवासी सलीम मजदूरी पर काम करने के लिए वर्ष 2022 में पहुंचा था। इसके बाद बाबू की मुलाकात प्रेम शंकर निवासी बायभूड़ थाना धनारी जनपद संभल, ओमप्रकाश निवासी भाग नगर उर्फ मनिहार नगला थाना धनारी जनपद संभल के साथ हुई थी। इन लोगों ने वेदप्रकाश निवासी ग्राम धनारी जनपद संभल, कमल निवासी धनारी जनपद संभल और सुनील निवासी हीरोनी थाना रजपुरा जनपद संभल के साथ बीमा पॉलिसी की धनराशि हड़पने के लिए सलीम की हत्या की योजना बनाई। मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रेमशंकर, ओमप्रकाश, वेदप्रकाश ने दिल्ली से आए मजदूर सलीम को अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले सलीम के फर्जी दस्तावेज तैयार किए, जिसमें आधार कार्ड पर सलीम के पिता के नाम की जगह बाबू का नाम दर्ज कराया। जालसाजों ने सलीम के नाम पर अलग-अलग 5 बीमा कंपनियों से कुल 88 लाख रुपये का बीमा कराया। इन सभी पॉलिसियों में बाबू को नॉमिनी बनाया गया था। कुछ किश्तें जमा करने के बाद, योजनाबद्ध तरीके से 29 जुलाई 2022 को रहरा थाना क्षेत्र के गांव चन्दनपुर-छपना मार्ग पर सलीम की हत्या कर दी गई और इसे एक दुर्घटना के रूप में दर्शाने की कोशिश की गई थी।
-
दुकान पर रची गई थी मौत की साजिश
थानाध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी प्रेम शंकर को गिरफ्तार किया गया। प्रेमशंकर ने पूछताछ में बताया कि पूरी हत्या की योजना ओमप्रकाश ने तैयार की थी। धनारी क्षेत्र में प्रेमशंकर की दुकान पर बैठकर आरोपियों ने साजिश बनाई थी। पुलिस ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता बाबू की दो साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना अध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान और वरिष्ठ उपनिरीक्षक संदीप पंवार के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी प्रेमशंकर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया है। आरोपी पर पहले से ही हत्या और धोखाधड़ी के कई रिपोर्ट दर्ज हैं। अन्य आरोपी की तलाश में दबी दी जा रही है।
-