अमरोहा। ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मारपीट करके घर से निकाल दिया। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई लेकिन ससुराल वालों को रवैया नहीं सुधरा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला कालाकुआं में रहने वाले चंद्रपाल सिंह की बेटी शशि की शादी छह साल पहले गजरौला थानाक्षेत्र के नगलिया टोकरा पट्टी के रहने वाले कारन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 13 दिसंबर की दोपहर ससुराल वालों ने फिर मारपीट करके घर से निकाल दिया। तभी से विवाहिता अपने मायके में पिता के घर रहती है। आरोप है कि 22 दिसंबर की सुबह विवाहिता अपने पिता के घर पर अकेली थी। तभी ससुराल वाले घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। दहेज की मांग दोहराई। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में पति कारन, ससुर प्रेम, जेठ टीटू, जेठानी स्वाति और सास ओमवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।