पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। प्रधानों से गांवों में मुनादी कराने का अनुरोध किया गया है। तहसील कार्यालय पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।
बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से तहसील के खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। गांव पपसरी खादर, देवीपुरा, रसूलपुर भांवर, पहाड़पुर, मुकारमपुर, झुंडपुरा, इब्राहीमपुर, सीपीया फार्म, शेरपुर, शीशोवाली आदि नदी किनारे बसे हुए हैं। जिनमें बाढ़ का खतरा है। तहसीलदार पीएन श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन अभी गांवों में पानी नहीं आया है। स्थिति से निपटने के लिए तहसील की सभी पांचों बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। ग्रामीणों से जंगल में जाते समय सावधानी बरतने के लिए ग्राम प्रधानों से मुनादी कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि तहसील में बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी गई है। कोई भी व्यक्ति सहायता के लिए 9454416930 व 9454416934 नंबर पर कॉल कर सकता है।