गजरौला। सवर्ण समाज ने जातिगत आरक्षण के विरोध में पद यात्रा निकाल आवाज बुलंद की। हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां लेकर चल रहे नगर के छात्र-छात्रा और इलाके के संभ्रांत लोग आरक्षण खत्म करने के लिए नारे लगा रहे थे।
रविवार शाम नगर के मोहल्ला बस्ती में स्थित अवंतिका पार्क से सवर्ण समाज की यूजीसी रोल बैक,जातिगत आरक्षण हटाओ देश बचाओ पदयात्रा शुरू की गई। इसमें संभ्रांत लोगों के साथ ही छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उनके हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। किसी पर लिखा था आरक्षण की राजनीति छोड़ो, योग्यता से नाता जाेड़ो, यूजीसी रोल बैक। पदयात्रा में शामिल लोग, छात्र-छात्रा, युवा सभी आरक्षण को खत्म करने की आवाज उठा रहे थे।
अवंतिका पार्क से शुरू हुई पदयात्रा ज्ञान भारती इंटर कॉलेज के सामने से होकर इंदिरा चौक पहुंची। गंगा प्याऊ मंदिर केे सामने से वापस होकर इंदिरा चौक से निकल कर अवंतिका पार्क में ही समाप्त हुई। इसमें पूर्व प्रधानाचार्य जी पी सिंह, अचित शर्मा, देवेश शर्मा, वीर सिंह भगत, जगतपाल सिंह, महेंद्र सिंह ठेकेदार, सोमपाल सिंह, वैभव गोयल आदि मौजूद रहे।