अमरोहा। क्षेत्र एक गांव निवासी किशोरी की हत्या प्रेम-प्रसंग की वजह से समाज में हो रही बदनामी के चलते उसकी मां और नाबालिग भाई ने दुपट्टे से गला घोंटकर की थी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटका दिया था। बुधवार को पुलिस ने हत्यारोपी मां व भाई को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। कोर्ट ने हत्यारोपी मां को जेल व बाल अपराची भाई को बाल सुधार गृह भेजा है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की 14 साल की बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने पहले फंदा लगाकर आत्महत्या की बात कही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को मृतका के पिता ने बेटी के प्रेमी गांव निवासी जैद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हर एंगल से जांच शुरू की तो सामने आया कि 26 अप्रैल की रात किशोरी को जैद बहलाकर अपने घर ले गया था। परिजनों के तलाश करने पर किशोरी तड़के करीब साढ़े तीन बजे जैद के घर आपत्तिजनक हालत में मिली। जैद ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। समाज के दबाव में परिजनों ने समझौता कर लिया था।
घटना के बाद गांव और समाज में परिवार की बदनामी हो रही थी। इससे आहत होकर 27 अप्रैल की सुबह करीब नौ बजे पिता घर से बाहर गया था। इसी दौरान मां ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए दुपट्टे का फंदा बनाकर शव लटका दिया था।
पुलिस को गुमराह करने के लिए जैद के खिलाफ हत्या की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। आरोपी मां-बेटे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीं, घटना का राजफाश करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।