अमरोहा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने अमरोहा कोतवाली क्षेत्र में दवाइयाें के थोक विक्रेता के गोदाम पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नशीली व एक्सपायरी डेट की दवाइयां बरामद की हैं। टीम ने थोक विक्रेता को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया और अपने साथ दिल्ली ले गई।
अमरोहा पुलिस की मौजूदगी में बृहस्पतिवार की देर रात तक टीम ने कार्रवाई की। टीम बीते सोमवार को ब्रजघाट से हिरासत में लिए गए अमरोहा निवासी एक युवक को साथ लेकर आई थी, उसकी ही निशानदेही पर टीम ने गोदाम पर छापा मारा था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने हापुड़ जिले के ब्रजघाट में छापा मारकर नशीली दवाइयां पकड़ी थीं। इस दौरान टीम ने अमरोहा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था। दिल्ली में पूछताछ के दौरान आरोपी युवक ने नशे की दवाई सप्लाई करने वाले गिरोह का खुलासा किया। साथ ही उसने अमरोहा में भी नशे की दवाई सप्लाई करने की बात कबूली थी। बृहस्पतिवार देर शाम टीम ब्रजघाट से हिरासत में लिए युवक को लेकर अमरोहा कोतवाली के क्षेत्र के मोहल्ला बड़ा बाजार में एक दवाइयों के थोक विक्रेता के गोदाम पर पहुंची।
सुरक्षा के लिहाजा से टीम ने पहले अमरोहा पुलिस को अपने साथ लिया। पुलिस के मुताबिक यह गोदाम किसी शुभम नामक युवक का है। नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में नशे की दवाई और इंजेक्शन बरामद किए। साथ ही गोदाम से एक्सपायरी डेट की दवाइयां भी मिली हैं।
दवाइयों से जुड़े दस्तावेज भी मिले अधूरे
देर रात तक नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने गोदाम खंगाला और दवा विक्रेता शुभम से पूछताछ की। दवाइयों से जुड़े दस्तावेज भी अधूरे मिले। इसके बाद टीम ने दवा विक्रेता शुभम को हिरासत ले लिया। नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को हिरासत में लिए शुभम को अदालत में पेश किया और बाद में अपने साथ ले गई। पुलिस के मुताबिक छापे के दौरान बड़ी मात्रा में दवाई और इंजेक्शन बरामद हुए हैं। लेकिन, टीम ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। वहीं, टीम ने कार्रवाई से पहले या बाद में स्थानीय जिला औषधि निरीक्षक या अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसकी सूचना नहीं दी थी।
-
दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने दवाइयाें के थोक विक्रेता के गोदाम पर छापा मारा था। देर रात तक टीम ने अपनी कार्रवाई की। इसके बाद शुक्रवार को टीम शुभम नाम के दवा विक्रेता को अपने साथ ले गई। नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने स्थानीय पुलिस से भी कोई जानकारी साझा नहीं की है। - शक्ति सिंह, सीओ सिटी