अमरोहा। रहरा थाना क्षेत्र में पुत्र प्राप्ति के इच्छुक दंपती से तांत्रिक ने तंत्र क्रिया के नाम पर पहले तो 95 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद बलि चढ़ाने के लिए मोर लाने का दबाव बनाया। दंपती के इनकार करने पर उन्हें धमकाया। दंपती ने तंत्र क्रिया के नाम पर वसूले गए 95 हजार रुपये वापस मांगे तो उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी। दंपती और तांत्रिक की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है तो पीड़ित दंपती ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
क्षेत्र के गांव रहरई निवासी संतोष पत्नी सतीश के तीन पुत्रियां हैं। गांव की एक महिला और पुरुष द्वारा संतोष को तंत्र क्रिया से पुत्र प्राप्ति की सलाह देते हुए तांत्रिक के पास ले जाया गया। आरोप है कि तांत्रिक द्वारा पुत्र प्राप्ति की तांत्रिक क्रिया के लिए 95 हजार रुपये मांगे गए, जो दे दिए गए। संतोष के 8 माह की गर्भवती होने के उपरांत तांत्रिक ने बलि देने के लिए मोर मांगा, लेकिन दंपति ने बलि के लिए मोर देने से मना कर दिया। शुक्रवार को सतीश को चौथी संतान पुत्री के रूप में हुई। सतीश ने पुत्र न होने की स्थिति में तांत्रिक से रकम वापस मांगी तो उसने रकम वापस करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं दंपती को जान से मारने की धमकी दी गई। बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल ऑडियो में तांत्रिक 20 से अधिक महिलाओं को तंत्र क्रिया के माध्यम से पुत्र प्राप्ति कराने का दावा कर रहा है। थाना प्रभारी रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।