हसनपुर। दिल्ली कार धमाके में मारे गए गांव मंगरौला निवासी डीसीसी बस के कंडक्टर अशोक कुमार के परिवार को एक लाख रुपये की मदद की गई है। हादसे में अशोक व हसनपुर के खाद व्यापारी लोकेश अग्रवाल की मौत हो गई थी।
अशोक के परिजनों की यह मदद अमरोहा में पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल अश्विनी कुमार व सतीश कुमार ने दोस्त दिल्ली के यूट्यूबर सीनू मलिक के साथ मिलकर की है। तीनों ने शुक्रवार को अशोक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने अशोक के मासूम बच्चों को गोद में बैठाकर दुलार किया और परिवार की हर संभव मदद करने की बात कही। इस मौके पर ग्राम प्रधान सोमपाल सिंह, अंकित गुर्जर, रिंकू गुर्जर आदि मौजूद रहे। संवाद
भाजपाइयों ने मृतकों के घर पहुंचकर दी सांत्वना
हसनपुर। एमएलसी डाॅ. हरि सिंह ढिल्लों व पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली धमाके में मारे गए हसनपुर के व्यापारी लोकेश अग्रवाल और गांव मंगरौला के अशोक कुमार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए घटना की निंदा की। कहा कि भाजपा की सरकारी पीड़ित परिवारों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। आतंकवादियों को मुंहतोड़ जबाव दिया जाएगा। इस मौके पर राहुल शर्मा, सोमपाल सिंह, सुभाष कुमार आदि मौजूद रहे।
धमाके में मारे गए लोगों की आत्मा शांति को किया कैंडल मार्च
हसनपुर। दिल्ली बम धमाके में मारे गए लोगों की आत्मा शांति के लिए भाजपाइयों और सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने कैंडल मार्च किया। उन्होंने रहरा अड्डे पर एकत्र होकर मुख्य बाजार होते हुए आंबेडकर पार्क तक पहुंचे। यहां मृतकों की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण करते हुए श्रद्धांजलि दी। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली में हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। इस मौके पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शिखर अग्रवाल, मनोज गोयल, जिला उपाध्यक्ष मयंक अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, संजय शर्मा, पवन राज जाटव, राजू राणा, विवेक शर्मा, पंकज भटनागर मौजूद रहे।