अमरोहा। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 10 नवंबर तक केंद्रों के आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद डीएम ने तहसील स्तरीय कमेटी का गठन एसडीएम के नेतृत्व में किया है। तहसील स्तरीय टीमें स्कूलों का भौतिक सत्यापन कर मानकों के अनुसार सुविधाओं को परख रहीं है।
जिले में उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया दूसरे चरण में प्रवेश कर गई है। बोर्ड ने माध्यमिक विद्यालयों से पोर्टल पर डेटा अपलोड करवाने के बाद एसडीएम की अध्यक्षता में गठित तहसीलवार टीमों को सत्यापन का काम सौंप दिया है। तहसील स्तरीय समितियों ने स्कूलों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
17 नवंबर तक सभी विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर लिया जाना है। जिलेभर में 353 विद्यालयों का डाटा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। अब बोर्ड के परीक्षा के मानकों के अनुरूप स्कूलों की सुविधाओं को समितियों द्वारा परखने का कार्य चल रहा है। 18 से 24 नवंबर तक डीएम की ओर से गठित समिति भौतिक सत्यापन करेगी। नवंबर के अंतिम सप्ताह में परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन अनंतिम सूची जारी की जाएगी। सत्यापन पूरा होने के बाद केंद्र निर्धारण की आगे प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 30 दिसंबर को केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
अंकों के आधार पर तय होंगे परीक्षा केंद्र
बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण अंकों के आधार पर किया जाएगा। इंटर स्तर का विद्यालय होने पर 20 अंक मिलेंगे जबकि हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों को 10 अंक दिए जाएंगे। राजकीय माध्यमिक विद्यालय विद्यालयों को 50 अंक व अशासकीय सहायता प्राप्त को 40 व स्ववित्तपोषित विद्यालयों को 20 अंक का निर्धारण किया गया है। धारण क्षमता के आधार पर भी स्कूलों को अलग-अलग अंक मिलेंगे। हाईस्कूल की जनपद स्तरीय टॉप टेन की सूची में बच्चों के शामिल होने पर भी 10 अंक व इंटर की जिला स्तरीय सूची में शामिल होने पर स्कूल को 20 अंक मिलेंगे।
तहसील स्तरीय समितियों द्वारा स्कूलों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 17 नवंबर तक सत्यापन का कार्य चलेगा। इसके बाद जिला स्तरीय टीम सत्यापन करेगी। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस