डिडौली कोतवाली क्षेत्र में शराब की दुकान के पीछे खेत में युवक का निर्वस्त्र शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। उसके चेहरे और टांगों पर चोटों के निशान मिले। काफी मशक्कत के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस पर मोरचरी में रखवा दिया है। हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर गांव की है। यहां गांव से बाहर शराब की दुकान है। उसके पीछे यूसुफ अली का खेत है। गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे सेल्समैन विपिन कुमार दुकान के पीछे लघुशंका करने गया था। तभी उसने खेत में युवक का निर्वस्त्र शव पड़ा देखा। जिससे देखकर उसके होश उड़ गए। उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों से शव के बारे में पूछताछ की। लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसके सिर और टांगों पर चोट के निशान हैं।
उधर शव की हालत देख कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही युवक की मौत के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।