गजरौला। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने शुक्रवार को तिगरी गंगा मेला स्थल पर मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मेला पिछले साल के मुकाबले और भी भव्य व दिव्य होना चाहिए। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को दो दिन में सड़क का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने मेला के लेआउट के माध्यम से प्रभारी मंत्री को तैयारियों की बिंदुवार जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए कि मेले में प्रकाश की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। घाटों पर सावधानी के लिए साइन बोर्ड लगाने, सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने के साथ ही मानक के अनुसार नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को दो दिन में कार्य पूरा करने को कहा। एएमए को टेंट का कार्य दो दिन में पूरा करने, जल निगम के अधिशासी अभियंता को पेयजल के सही इंतजाम और बाढ़ खंड विभाग के ऐई को स्नान घाटों के किनारे पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डीपीआरओ व ईओ को शौचालय, चेंजिंग रूम और साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। मेला परिसर से बाहर भी सड़क किनारे मोबाइल टॉयलेट का इंतजाम करने के लिए कहा। इस मौके पर एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, पूर्व विधायक हरपाल सिंह, नौगावां सादात विधायक समरपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह और एसपी अमित कुमार आनंद आदि मौजूद रहे।