नगर पंचायत नौगांवा सादात में हड़ताल के संबंध में डीएम से बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका। हड़ताल पर चल रहे ठेका सफाईकर्मी कोई संतोषजनक जबाव न मिलने पर लौट गए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा, वह काम पर नहीं लौटेंगे। उधर, सफाई न होने से कस्बे में गंदगी के ढेर लगे हैं।
नौगांवा में सफाईकर्मियों के हड़ताल खत्म नहीं हो पा रही है। पहले ठेका फर्म को बदलने की मांग को लेकर करीब 15 दिनों तक हड़ताल चली। इसके बाद किसी तरह हड़ताल को खत्म करा दिया गया, लेकिन इसी बीच सफाईकर्मियों का मानदेय काटे जाने व एक सफाईकर्मी की सेवा समाप्त करने के विरोध में सफाईकर्मी फिर हड़ताल पर चले गए। एक माह में यह दूसरा मौका है, जब सफाई कर्मियों ने हड़ताल शुरू की है।
सफाई कर्मी काटे गए मानदेय की रुपये व सेवा समाप्त होने वाले सफाई कर्मी को वापस काम पर रखने की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को सफाईकर्मी कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम निधि गुप्ता वत्स से मिले।
डीएम ने सफाई कर्मियों को एडीएम वित्त व राजस्व के सामने अपनी बात रखने को कहा। जिसके बाद सफाई कर्मी एडीएम वित्त व राजस्व बृजेश कुमार त्रिपाठी के पास पहुंच गए। सफाई कर्मियों का कहना है कि एडीएम ने उनकी बात को ठीक से सुने बिना ही वहां से जाने को कह दिया। सफाई कर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा, वह हड़ताल खत्म कर काम पर वापस नहीं लौटेंगे।