अमरोहा। हसनपुर क्षेत्र में विधायक के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद फार्म हाउसों की जवाबदेही और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी का मुद्दा किसान युवा संसद में भी उठा। रविवार को भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के बैनर तले आयोजित किसान युवा संसद में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने राष्ट्रीय महिला आयोग के मामले का संज्ञान लेने और जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। कहा कि घटना में संबंधित फार्म हाउस के मालिक की जिम्मेदारी तय हो और संदिग्ध गतिविधियों वाले फार्म हाउसों की जांच कराई जाए। महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक संस्थाओं की जवाबदेही को केवल घटना के बाद की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। फार्म हाउसों समेत ऐसे स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी और जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। किसान युवा संसद में रोजगार भी, जवाबदेही भी, मजबूत लोकतंत्र भी और युवा जागेगा, गांव आगे बढ़ेगा के संकल्प के साथ ग्रामीण युवाओं को रोजगार और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने की रूपरेखा रखी गई। कार्यक्रम में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कृषि से जुड़े विकास कार्यों की क्षेत्रीय रिपोर्ट तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि एक हजार युवाओं की टीम गांव-गांव चौपाल लगाकर स्थानीय समस्याओं और सार्वजनिक संस्थानों के कामकाज का जमीनी स्तर पर रिकॉर्ड तैयार करेगी।
इस दौरान नरेंद्र चौहान को प्रदेश प्रभारी का प्रमाणपत्र देकर मनोनीत किया गया। साथ ही 25 युवाओं की नगर कार्यकारिणी गठित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मुख्य सचिव अरुण सिद्धू, जसवंत सिंह, चंद्रपाल सिंह, आजम चौधरी, अजय पाल सिंह जाटव मौजूद रहे।