हसनपुर सीएचसी में घायल लेकर पहुंचे विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी घायल के परिजनों को फोन पर जानका?
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। रहरा मार्ग पर सड़क हादसे में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े एक घायल व्यक्ति को विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने देखकर इंसानियत का परिचय दिया। अपनी कार में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए और वहां उपचार कराया। चिकित्सा व्यवस्था सही नहीं होने की वजह से विधायक ने नाराजगी भी जताई। यहां घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।
बताते हैं कि जनपद मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के गांव लाटरा निवासी यशपाल सिंह बुधवार को बाइक पर सवार होकर हसनपुर क्षेत्र के गांव गांगटकोला स्थित रिश्तेदारी में आए थे। गांव के बस स्टैंड पर बाइक खड़ी करके पास में स्थित नल पर मुंह धोने के लिए जा रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दरमियान विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी रहरा की दिशा से लौट रहे थे। उन्होंने घायल को रास्ते किनारे तड़पते पड़ा देख कर इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने स्वयं अपने सुरक्षाकर्मियों की सहायता से घायल को अपनी कार में बैठाया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां स्ट्रक्चर पर रखकर स्वयं ही इमरजेंसी कक्ष में पहुंचाया। चिकित्सक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। जानकारी मिलने पर चिकित्सक पहुंचे और घायल का उपचार करने के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। विधायक ने कहा कि घायल को समय से अस्पताल पहुंचना जरूरी था। समय से उपचार मिलना भी आवश्यक था। इसलिए एंबुलेंस की मदद ना लेकर जल्दी से उसे अस्पताल पहुंचाया। जिससे उसकी जान बचाई जा सके।