गजरौला (अमरोहा)। गांव चौबारा निवासी जयविंदर (22) की रविवार की रात तहेरे भाई की शादी में जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। मृतक का नाैसेना में चयन हो गया था और आठ मार्च को ज्वाइन करना था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव चौबारा निवासी विपिन पाल पीएसी जवान हैं। उनकी बरात रविवार रात कांठ थाना क्षेत्र के सदुपुरा गांव में गई थी। विपिन के चचेरे भाई जयविंदर (22) पुत्र मुन्नू पाल, जीतू के साथ बाइक से बरात में सदुपुरा जा रहे थे। जब उनकी बाइक थाना कांठ क्षेत्र में पहुंची तो रास्ते में बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में जयविंदर व जीतू घायल हो गए। घायलों को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर जयविंदर को मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां गम में बदल गईं।