क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती बुधवार दोपहर बाद अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। वह शादी की जिद पर अड़ गई और हंगामा करने लगी। परिजनों के समझाने पर करीब तीन घंटे बाद युवती अपने घर लौट गई।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। कुछ दिन पहले युवक ने अपनी मां के सोने के जेवर चोरी कर गांव के ही एक सराफ को बेच दिए थे। जेवर बेचकर मिले रुपये से उसने प्रेमिका को मोबाइल फोन व कपड़े गिफ्ट दिए थे। युवक की मां को जेवर गायब होने की जानकारी हुई, तो उसने बेटे से पूछताछ की। इस पर बेटे ने जेवर बेचने व प्रेमिका को मोबाइल व कपड़े गिफ्ट देने की बात बताई थी।
घटना की जानकारी प्रेमिका के परिजनों को भी हो गई। विवाद बढ़ने पर प्रेमिका बुधवार को प्रेमी के घर पहुंच गई। दोनों साथ जीने व मरने की धमकी देने लगे। प्रेमिका का कहना था कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। प्रेमिका के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। करीब तीन घंटे युवती अपने घर वापस आई, लेकिन अब भी वह प्रेमी से शादी करने की बात कह रही है।