गजरौला। प्रेमी के घर जाकर उसके साथ शादी की जिद पर अड़ी युवती को परिजन किसी तरह समझाकर घर लाए। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना है।
थाना क्षेत्र के गांव की युवती का शहवाजपुर डोर के युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। यह भनक युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने युवती के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। मगर इसके बावजूद वह मोबाइल पर प्रेमी से संपर्क में रही। दोनों के बीच लंबी बात होती। वह प्रेमी युवक से शादी करना चाहती है लेकिन उसके परिजन सहमत नहीं हैं। जबकि दोनों की बिरादरी एक ही है। बीते बृहस्पतिवार रात युवती घर से चुपचाप निकल कर प्रेमी के घर पहुंच गई।
उधर, सुबह को वह चारपाई पर नहीं मिली तो परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। वह तलाश करते हुए उसके प्रेमी के घर पहुंच गए। यहां देख उनका पारा चढ़ गया। युवती से घर चलने को कहा लेकिन वह प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ गई। परिजन उसे किसी तरह समझा कर घर लाए। पुलिस को इसकी सूचना नहीं है। मामला चर्चा का विषय बना है। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि इसकी जानकारी नहीं है। किसी ने न तो सूचना दी और न ही शिकायत मिली।