अमरोहा। जिले की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कवायद जारी है। जिले को जल्द ही 12 नई रोडवेज की बसें मिलने जा रही हैं, जिससे विभिन्न रूटों पर बसों का आवागमन बढ़ेगा और यात्रियों को राहत मिलेगी।
एआरएम अनिल कुमार ने बताया कि प्रशासन ने ऐसे सभी स्थानों पर बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई है, जिससे दूर-दराज के गांवों और कस्बों के लोगों को भी सरकारी परिवहन सुविधा का लाभ मिल सके। वर्तमान में कई ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों की कमी के कारण यात्रियों को निजी वाहनों या महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है। 12 नई बसों के आने से यह समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
इन नई बसों के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही, इससे समय की बचत भी होगी, क्योंकि बसों की संख्या बढ़ने से प्रतीक्षा अवधि कम होगी और नियमित अंतराल पर बसें उपलब्ध होंगी।
परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। एआरएम ने बताया कि इन बसों के संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं और बसें उपलब्ध होते ही। जल्द ही इन्हें विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा।