बीते कुछ दिनों में तल्ख हुई सूरज की तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों को खूब परेशान किया। आलम यह रहा कि दोपहर के समय लोगों ने घरों से निकलना बंद कर दिया था। पारा भी 41 के पार पहुंच चुका था, लेकिन रविवार सुबह मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि, इस दौरान बिजली ने साथ छोड़ दिया। शहर में सुबह करीब सात बजे बिजली चली गई, जो चार घंटे बाद करीब 11 बजे आ सकी।
उधर, करीब एक घंटे की बारिश से ही नगर पालिका के नालों की सफाई के दावों की पोल खुल गई। पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से सड़कों पर जगह-जगह पानी उतर आया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान आजाद रोड, मोहल्ला बटवाल, नखासा, तहसील चौक, बसावन गंज आदि में नालियों का पानी सड़कों पर भर जाने से लोगों को पानी के बीच से गजरना पड़ा।