गजरौला। दिवाली पर लोगों को बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभाग व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गया है। लाइनों के नीचे पेड़ों की छंटाई, फ्यूज वायर और फुंकने के कगार पर पहुंच गए जंपर बदलने का काम शुरू कर दिया है।
रोशनी के त्योहार दिवाली पर लोग तरह-तरह की रंग बिरंगी झालर घरों, प्रतिष्ठानों और ऑफिस पर लगाते हैं। इस कारण बिजली की मांग काफी ज्यादा बढ़ जाती है। दिवाली पर कहीं पुराने तार, जंपर और ट्रांसफार्मर के कारण विभाग को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। लाइनों के नीचे पेड़ों की छंटाई की जा रही है।
फ्यूज वायर के साथ ही एलटी लाइनों की लीड को भी बदला जा रहा है। जिन लाइनों, खंभों, ट्रांसफार्मरों पर बेल या पेड़ों की टहनी आ गई हैं, उनको हटवाने और छंटवाने का काम चल रहा है। नीचे से गल चुके खंभे बदले जा रहे हैं।
जेई अनिकेत दुबे ने बताया कि चामुंडा मंदिर के निकट खंभा गल गया था। उसके स्थान पर नया लगा दिया गया है। दिवाली तक व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।