दुग्ध प्लांट की नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने आए गाजियाबाद के ठेकेदार को दौड़ाकर पीटा गया। फैक्टरी के गार्ड और अन्य ठेकेदारों पर मारपीट करने का आरोप लगा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
ये घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र में कस्बा जोया में इकोंदा मार्ग स्थित एक दुग्ध प्लांट की है। बताते हैं बुधवार को प्लांट में कंडम हो चुके सामान की नीलामी थी। जिसमें गाजियाबाद जिले के कविनगर थानाक्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी जनार्दन शर्मा भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने आए थे। इस दौरान नीलामी प्रक्रिया को लेकर उनकी अन्य लोगों से कहासुनी हो गई। जिसके बाद प्लांट के सुरक्षा गार्ड और अन्य ठेकेदारों ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जब जनार्दन शर्मा ने इसका विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि नीलामी प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने प्लांट में ही मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल जनार्दन शर्मा को जोया सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट के आरोपी प्लांट से फरार हो गए। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि घायल ठेकेदार का उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।