अमरोहा। श्री धार्मिक आदर्श रामलीला कमेटी के पदाधिकारी शुक्रवार को एसडीएम सदर शशि भूषण पाठक से मिले। उन्होंने जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के बाहर वाले मैदान में 23 सितंबर से तीन अक्तूबर तक रामलीला समेत कई कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति और सुरक्षा के लिए पुलिस की मांग की।
शुक्रवार को कमेटी के अध्यक्ष खत्री मनोज टंडन व महामंत्री राकेश वर्मा के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारी एसडीएम सदर से मिले। अध्यक्ष ने कहा कि 23 सितंबर से तीन अक्तूबर तक जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के बाहर वाले मैदान में रामलीला मंचन, 26 सितंबर को श्रीराम बारात, दशहरा व भरत मिलाप कार्यक्रम के होंगे।
इसमें सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने अपने मांग पत्र के साथ जेएस हिंदू इंटर कॉलेज प्रबंध समिति द्वारा उनकी कमेटी को उक्त रामलीला मंचन एवं दशहरा मेला कार्यक्रम आदि करने के संबंध में दी गई अनापत्ति भी सौंपी। इस दौरान संरक्षक अनिल स्वरूप टंडन, विमल टंडन, सुभाष शर्मा, ऋषि चौहान, संजय गुप्ता, हरीश अरोड़ा, हरि सिंह मौर्य, सचिन त्रिवेदी, विवेक शर्मा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद