अमरोहा। अमरोहा-कांठ रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में घुसे डंपर से कुचलकर तीन लोगों की मौत के मामले में गठित तकनीकी समिति की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में डंपर के अनियंत्रित होने के दो प्रमुख बताए गए हैं। पहला आगे चल रही कार का अचानक सड़क पर रुकना और दूसरा डंपर की ब्रेक प्लेट का चिपकना।
26 मई की शाम अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के गांव मिलक छावी में स्थित हनुमान मंदिर में एक बजरी से लदा डंपर अनियंत्रित होकर घुस गया था। उस समय मंदिर परिसर में रामायण पाठ चल रहा था। हादसे में गांव छावी निवासी परम सिंह, नारायणपुर निवासी महिपाल सिंह तथा शहबाजपुर पट्टी निवासी पांच वर्षीय आर्यवीर की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए थे।
घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसका संज्ञान लिया था। हादसे के बाद डंपर चालक देवेंद्र सिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वाहन की ब्रेक प्लेट चिपकने के कारण वह डंपर पर नियंत्रण नहीं रख सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम के निर्देश पर एक तकनीकी समिति गठित कर विस्तृत जांच कराई गई थी। शनिवार को जारी जांच रिपोर्ट में एआरटीओ महेश शर्मा ने बताया कि डंपर के आगे चल रही कार के चालक ने अचानक सड़क पर वाहन रोक दिया था और खिड़की खोलकर उतरने का प्रयास कर रहा था।
कार को बचाने के लिए डंपर चालक ने तेजी से स्टेयरिंग मोड़ दिया। रिपोर्ट के अनुसार ब्रेक प्लेट चिपकी होने के कारण डंपर के ब्रेक भी प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सके, जिससे चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और डंपर सीधे मंदिर परिसर में जा घुसा और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर से टकरा गया। प्रशासन ने रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की कवायद की जा रही है। संवाद