जिपं कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी ने मकान के दरवाजे के आगे दीवार लगाकर रास्ता बंद करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को डीएम-एसपी को शिकायती पत्र दिया। समाधान दिवस में भी शिकायत की मगर कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
जिला पंचायत कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी हेतराम सिंह ने अपनी पत्नी दयावती के नाम से एक प्लाट आरजू कॉलोनी में 2010 में खरीदा था। उनके प्लाट के उत्तर दिशा में 30 फीट सरकारी रास्ता है। इसे पीडब्लूडी ने बनाया है। रास्ते पर उनका पहले से ही गेट लगा था। इसमें निर्माण चल रहा है। छह जुलाई को दोपहर लगभग एक मोहल्ला जट बाजार के दंबगाें के साथ एक सिपाही ने लगभग 15-20 लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट एवं सीमेंट लाकर उनके गेट के रास्ते को बंद करने लगे।
उत्तर दिशा में लगे गेट के सामने दीवार कर जबरन रास्ते को बंद कर दिया। यह सरकारी रास्ता है। विरोध पर मारपीट की। दीवार हटाने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में दीवानी न्यायालय में एक मुकदमा चल रहा है। इसमे स्टे द्वारा आरोपियों को अवैध निर्माण करके रास्ते को बंद न करने के निर्देश दिए हैं।